जैसलमेर-बाड़मेर हाईवे पर गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक पशुपालक और उसके 25 भेड़ों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक भेड़ें गंभीर रूप से घायल हो गईं। यह हादसा आकल फांटे के पास उस समय हुआ, जब बाड़मेर से जैसलमेर की ओर आ रही एक तेज रफ्तार निजी यात्री बस ने सड़क पर जा रहे भेड़ों के रेवड़ को जोरदार टक्कर मार दी।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान बिकेरी छोड़ गांव निवासी 35 वर्षीय बसीर खान के रूप में हुई है, जो अपनी 35 भेड़ों के साथ गांव लौट रहा था। इसी दौरान रात करीब 10 बजे बस ने उसे और उसकी भेड़ों को कुचल दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग व पुलिस मौके पर पहुंचे और घायल बसीर खान को जवाहिर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे में बसीर खान की मौत के साथ ही 25 भेड़ों की भी मौके पर ही जान चली गई, जबकि करीब 10 भेड़ें घायल हो गईं। हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
सदर थाना एएसआई मुकेश बीरा ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कुछ घंटों बाद पुलिस ने बस को जैसलमेर शहर के जयसिंह सर्किल इलाके से बरामद कर लिया, लेकिन चालक तब तक फरार हो चुका था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है और कानूनी कार्रवाई जारी है।
