सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए बालोतरा परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, स्कूल वैनों पर सख्ती

3 Min Read
10 से अधिक ऑटो रिक्शा को सीज़

बालोतरा.  जिला परिवहन अधिकारी भगवान गहलोत के निर्देशन में परिवहन विभाग बालोतरा का प्रवर्तन दल सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात नियमों के उल्लंघन पर लगाम लगाने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। 

इसी क्रम में, परिवहन निरीक्षक पुष्पेंद्र शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष अभियान चलाया गया, जिसका मुख्य फोकस नियमों का उल्लंघन कर संचालित होने वाली स्कूल वैनों पर रहा। परिवर्तन दल ने बालोतरा के प्राइवेट स्कूलों में बच्चों को नियम विरुद्ध ढंग से, ठूस-ठूस कर लाने वाले वाहनों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। क्षमता से अधिक बच्चों को ढोने के आरोप में 10 से अधिक ऑटो रिक्शा को सीज़ किया गया। बाल वाहिनियों के लगभग 11 चालान बनाए गए। इसके अलावा परेऊ, पाटोदी और बालोतरा क्षेत्र में लगभग 40 वाहनों की जाँच की गई और नियम विरुद्ध पाए गए लगभग 18 वाहनों के चालान बनाए गए। यह कार्रवाई परिवहन विभाग मुख्यालय और राज्य सरकार के आदेशों के अनुपालन में की गई है।

सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम

प्रवर्तन कार्रवाई के साथ-साथ, परिवहन विभाग ने जागरूकता पर भी ज़ोर दिया है। परेऊ गाँव के सरस्वती पब्लिक स्कूल में पुलिस निरीक्षक दलपत सिंह और परिवहन निरीक्षक पुष्पेंद्र शर्मा ने एक संयुक्त सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा, हेलमेट और सीट बेल्ट की उपयोगिता पर जोर दिया गया, साथ ही “सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा” के मंत्र को विद्यार्थियों, स्टाफ और आमजन के बीच प्रचारित किया गया।

जिला परिवहन अधिकारी भगवान गहलोत ने स्पष्ट किया है कि नियम विरुद्ध संचालित वाहनों के खिलाफ प्रवर्तन कार्यवाही लगातार जारी रहेगी। उन्होंने आमजन के साथ-साथ शिक्षण संस्थान संचालकों से भी अपील की कि वे बाल वाहिनियों के नियमानुसार संचालन में सहयोग कर सड़क सुरक्षा को सुनिश्चित करें।

सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए ‘विश्व स्मरण दिवस’ का आयोजन रविवार को

सड़क दुर्घटनाओं में असमय जान गंवाने वाले नागरिकों को श्रद्धांजलि देने और सड़क सुरक्षा के महत्व को प्रदर्शित करने के लिए राज्य भर में विश्व स्मरण दिवस का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम रविवार को बालोतरा शहर में घंटाघर के पास आयोजित होगा। इस कार्यक्रम का आयोजन परिवहन विभाग और पुलिस के साथ-साथ कृष्णा सेवा संस्थान और आमजन के सहयोग से किया जाएगा।

यह आयोजन लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बनाने और यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

Share This Article
Exit mobile version