BalotraNews अवैध बजरी माफियाओं का दुस्साहस, गश्त के दौरान पुलिस टीम पर हमला, थानाधिकारी घायल; डंपर जब्त

3 Min Read
गश्त के दौरान पुलिस टीम पर हमला, थानाधिकारी घायल;

बालोतरा जिले के समदड़ी थाना क्षेत्र में अवैध बजरी खनन ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती खड़ी कर दी। गुरुवार तड़के बजरी माफियाओं ने पुलिस गश्त के दौरान अचानक हमला कर दिया, जिसमें समदड़ी थानाधिकारी अमराराम घायल हो गए। यह पूरा घटनाक्रम मजल सरहद के लूणी नदी क्षेत्र में उस समय सामने आया जब पुलिस टीम अवैध खनन की सूचना मिलने पर मौके पर कार्रवाई के लिए पहुंची थी।

बजरी माफियाओं ने पुलिस को रोकने की कोशिश की इसी दौरान थानाधिकारी अमराराम चोटिल हो गए।

घायल अधिकारी को तुरंत सीएचसी समदड़ी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी सिवाना देरावर सिंह सोढ़ा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने नदी क्षेत्र से लेकर आसपास के गांवों तक अभियान चलाया और घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई। पुलिस ने वहां छोड़ा गया एक डंपर जब्त किया है, जबकि हमले में शामिल वाहन और लोगों की पहचान भी की जा चुकी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुछ संदिग्धों के फोन लोकेशन और वाहन नंबर ट्रैक किए जा रहे हैं, जिससे जल्द ही गिरफ्तारी की संभावना है। हमलावरों की तलाश में कई स्पेशल टीमें गठित कर दी गई हैं और रात-दिन सर्च ऑपरेशन जारी है। आसपास के क्षेत्रों में नाके बढ़ा दिए गए हैं तथा सभी थानों को अलर्ट पर रखा गया है।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि लूणी नदी क्षेत्र में अवैध बजरी खनन लंबे समय से एक बड़ा नेटवर्क बन चुका है, जो रात ढलते ही सक्रिय हो जाता है। पिछले कई महीनों से पुलिस अभियान चलाती रही है, लेकिन बजरी माफिया लगातार नए तरीके अपनाकर कार्रवाई से बचते आए हैं। पुलिस पर हमला होना इस बात का संकेत है कि माफियाओं के हौसले किस कदर बढ़ चुके हैं।

एसपी रमेश ने कहा कि कानून पर हमला किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और पुलिस पर हमला करने वालों को उदाहरणात्मक सजा दिलाई जाएगी।

समदड़ी पुलिस की ओर से दर्ज रिपोर्ट के आधार पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी दबाव या धमकी के आगे झुकने का सवाल ही नहीं है और अवैध खनन कर प्रशासन को चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

लूणी नदी क्षेत्र में चल रहा यह अभियान आने वाले दिनों में और बड़ा तथा व्यापक हो सकता है, ताकि बजरी माफियाओं की जड़ें उखाड़कर क्षेत्र में अवैध खनन को पूरी तरह रोका जा सके।

Share This Article
Exit mobile version