गुजरात के वडोदरा में पुल हादसा: चार दशक पुराना पुल ढहा, 9 की मौत, PM मोदी ने जताया दुख, मुआवजे का एलान

2 Min Read

गुजरात के वडोदरा जिले में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। वडोदरा और आणंद जिलों को जोड़ने वाला चार दशक पुराना गंभीरा पुल अचानक ढह गया, जिससे कई वाहन नदी में जा गिरे। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 9 अन्य लोगों को बचा लिया गया है। राहत व बचाव कार्य अभी भी जारी है।

यह हादसा बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे हुआ, जब पुल पर दो ट्रक, एक बोलेरो SUV और एक पिकअप वैन गुजर रहे थे। अचानक पुल का एक हिस्सा टूट गया और सभी वाहन सीधे महिसागर नदी में जा गिरे। हादसे के तुरंत बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

राहत-बचाव कार्य जारी
वडोदरा कलेक्टर अनिल धमेलिया ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय तैराक, नावें, नगर निगम की टीमें, एनडीआरएफ और अन्य प्रशासनिक व पुलिस टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। रेस्क्यू अभियान तेजी से चलाया जा रहा है। अब तक 9 शव बरामद किए जा चुके हैं और 9 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है।

उन्होंने कहा कि यह पुल वर्ष 1985 में बनाया गया था और समय-समय पर इसकी मरम्मत होती रही है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भी तकनीकी विशेषज्ञों की टीम को मौके पर भेजा है, जो पुल के गिरने की असली वजह की गहन जांच करेगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने जताया दुख, किया मुआवजे का एलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर गहरा दुख जताते हुए कहा, “वडोदरा के पुल हादसे में हुई जनहानि बेहद दुखद है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर घायलों को शीघ्र स्वस्थ करें।”

पीएम मोदी ने हादसे के पीड़ितों के लिए मुआवजे का भी एलान किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।

Share This Article
Exit mobile version