जसोल | बालोतरा राजस्थान दिवस समारोह (14 मार्च से 19 मार्च 2026) के अंतर्गत आयोजित स्वच्छता संकल्प एवं जनजागरूकता कार्यक्रम के तहत शनिवार, 14 मार्च 2026 को जसोल नगर पालिका क्षेत्र में सामूहिक स्वच्छता अभियान एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत नगर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर सफाई कार्य किया गया तथा नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
स्वच्छता अभियान की शुरुआत सार्वजनिक श्मशान घाट से की गई, जहां श्री राणी भटियाणी मंदिर संस्थान, जसोल समिति सदस्य एवं प्रवक्ता तथा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य (भाजपा, राजस्थान) कुंवर हरिशचंद्र सिंह जसोल ने स्वयं उपस्थित रहकर सफाई कार्य का निरीक्षण किया और वहां की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने पर बल दिया। सार्वजनिक श्मशान घाट जैसे महत्वपूर्ण स्थानों पर नियमित रूप से साफ-सफाई बनाए रखने की आवश्यकता भी जताई गई।
इसके पश्चात जसोल नगर के मुख्य बाजार, आजाद चौक सहित नगर पालिका के विभिन्न वार्डों में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया गया तथा सफाई कार्य में जुटी टीम द्वारा श्रमदान करते हुए सफाई कार्य किया गया। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने नगर के विभिन्न हिस्सों में पहुंचकर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया तथा स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने को लेकर विचार-विमर्श किया।
कार्यक्रम में कुंवर हरिशचंद्र सिंह जसोल ने नगर के विभिन्न स्थानों का निरीक्षण करते हुए सफाई कार्य में लगे कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया। उनके साथ अतिरिक्त जिला कलेक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी हीराराम पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष भरत मोदी, नगर पालिका जसोल के अधिशाषी अधिकारी जय प्रकाश डऊकिया तथा नगर पालिका की सफाई टीम उपस्थित रही।
निरीक्षण के दौरान जानकारी दी गई कि लगभग तीन माह पूर्व देव दीपावली पर्व के उपलक्ष में श्री राणी भटियाणी मंदिर संस्थान जसोल द्वारा 05 से 08 नवम्बर तक चार दिवसीय विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया था, जिसके अंतर्गत पूरे जसोल नगर पालिका क्षेत्र में व्यापक सफाई कार्य करवाया गया था। उस समय नगर के विभिन्न बाजारों, गलियों, सार्वजनिक स्थलों एवं नालियों की सफाई कर पूरे नगर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाकर नगर पालिका प्रशासन को सुपुर्द किया गया था।
वर्तमान में कुछ स्थानों पर पुनः कचरे के ढेर एवं नालियों में जमा कचरे की स्थिति देखने को मिली, जिस पर चिंता व्यक्त करते हुए नगर पालिका प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित किया गया। नगर के प्रत्येक वार्ड में नियमित एवं समयबद्ध सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह भी किया गया, ताकि नगर की स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनी रह सके।
इस दौरान कुंवर हरिशचंद्र सिंह जसोल ने सफाई कार्य में लगे सफाई कर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनका हौसला बढ़ाया तथा उनके सम्मान में मालाएं पहनाकर पुष्प वर्षा की। स्वच्छ नगर के निर्माण में सफाई कर्मियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उनके समर्पण और परिश्रम की सराहना की गई।
इस अवसर पर कुंवर हरिशचंद्र सिंह जसोल एवं भाजपा जिला अध्यक्ष भरत मोदी ने नगर पालिका जसोल के अधिशाषी अधिकारी जय प्रकाश डऊकिया से नगर की सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नगर पालिका द्वारा सीईटीपी ट्रस्ट जसोल को दो टैक्सियां उपलब्ध करवाने हेतु पत्र लिखने का आग्रह किया। इस दौरान सीईटीपी ट्रस्ट जसोल के ट्रस्टी राजेन्द्र कुमार छाजेड़ ने तुरंत प्रभाव से दो टैक्सियां उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया।
निरीक्षण के दौरान कुंवर हरिशचंद्र सिंह जसोल ने नगर पालिका जसोल के अधिशाषी अधिकारी को यह भी अवगत करवाया कि जसोल नगर पालिका के वार्ड नंबर 1, 2, 3, 14, 15 एवं 16 में सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं है। इन वार्डों में नियमित रूप से सफाई नहीं होने के कारण कचरा जमा हो रहा है, जिससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में इन वार्डों में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया।
जसोल धार्मिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण नगर है, जहां प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां जसोल के दर्शन के लिए आते हैं। आगामी चैत्र नवरात्रा पर्व को ध्यान में रखते हुए पूरे जसोल नगर पालिका क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं और नागरिकों को स्वच्छ वातावरण प्राप्त हो तथा नगर की सकारात्मक छवि बनी रहे।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ता, स्थानीय प्रबुद्धजन, विभिन्न सरकारी विभागों के कर्मचारी, सफाई कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई तथा नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संकल्प लिया।
