पाटोदी (बालोतरा)। लंबे समय से इंतजार कर रहे पाटोदी कस्बेवासियों के लिए अच्छी खबर है। कस्बे में रोड लाइट लगाने का कार्य शुरू हो गया है। यह कार्य पंचायत समिति कोष से स्वीकृत 20 लाख रुपए की लागत से किया जा रहा है। प्रधान ममता जोगेन्द्र प्रजापत ने यह राशि स्वीकृत की है।
तहसील मुख्यालय होने के बावजूद पाटोदी कस्बा आजादी से आज तक रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था से वंचित था। मुख्य बस स्टैंड, बाजार में अंधेरा होने से आवागमन में हर रात ग्रामीणों रामदेवरा पैदल यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ती है, और बाजार में दुकानों में चोरियां होने, अप्रिय घटनाएं होने का डर दुकानदारों व आमजन को डर सताता है। मुख्य मार्ग पर डिवाइडर सहित रोड लाइट की मांग स्थानीय नागरिक लंबे समय से कर रहे थे। अब यह सपना साकार होता दिख रहा है।
भाजपा आईटी विभाग के सह संयोजक भागीरथ प्रजापत ने कहा, “पाटोदी तहसील मुख्यालय होने के बावजूद अंधेरे में डूबा रहता था। लोगों की मांग पर अब रोड लाइट मय डिवाइडर का कार्य शुरू हुआ है, जो स्वागत योग्य है।”
वहीं प्रशासक धर्मेन्द्र भील ने बताया कि, “डिवाइडर और रोड लाइट की सख्त जरूरत थी। इसके अभाव में ग्रामीणों और राहगीरों को रात के समय काफी परेशानी होती थी। यह कार्य कस्बे की सुरक्षा और सुविधा के लिहाज से जरूरी था।”
प्रधान ममता जोगेन्द्र प्रजापत ने बताया कि, “जनता की लंबे समय से लंबित मांग को ध्यान में रखते हुए पंचायत समिति कोष से 20 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। आगे भी पाटोदी क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए हम पूरी तरह कृतसंकल्पित हैं।”
जल्द ही इस कार्य के पूरा होने के बाद पाटोदी कस्बा रात्रि में भी जगमगाएगा और आमजन को राहत मिलेगी।