बाड़मेर : ज्वेलर के घर आई गर्लफ्रेंड 25 लाख का सोना लेकर फरार

2 Min Read
होश आया तो तिजोरी टूटी और जेवरात गायब मिले

नाश्ते में नशीला पदार्थ मिलाया, ज्वेलर हुआ बेहोश , होश आया तो तिजोरी टूटी और जेवरात गायब मिले

बाड़मेर। शहर के गायत्री चौक क्षेत्र में एक ज्वेलर के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। ज्वेलर के घर आई उसकी परिचित महिला नाश्ते में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे बेहोश कर 25 लाख रुपए मूल्य का सोना लेकर फरार हो गई। घटना बुधवार शाम करीब चार बजे की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, गायत्री चौक निवासी ज्वेलर सवाई पुत्र गोमदाराम के घर उसकी परिचित महिला मिलने आई थी। महिला ने मंदिर जाने के बहाने घर आने की बात कही थी। उस समय ज्वेलर की पत्नी पीहर गई हुई थी, जबकि भाई और भाभी गांव गए हुए थे। ज्वेलर घर पर अकेला था।

पीड़ित सवाई ने बताया कि दोनों ने पहले चाय-बिस्कुट खाए और बाद में कोल्ड ड्रिंक पी। इसी दौरान महिला ने नाश्ते में कुछ नशीला पदार्थ मिला दिया, जिससे उसे चक्कर आने लगे और वह बेहोश हो गया। कुछ देर बाद जब उसका स्टाफ घर पहुंचा और पानी डालकर उसे होश में लाया, तब घर में रखी तिजोरी टूटी मिली और उसमें रखा करीब 20 तोला सोना (करीब 25 लाख रुपए मूल्य) गायब था।

पुलिस कर रही मामले की जांच 

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ज्वेलर को बाड़मेर राजकीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिला की तलाश

कोतवाली थाना एसआई लिच्छाराम ने बताया कि पीड़ित की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ज्वेलर और महिला की दोस्ती वॉट्सऐप के जरिए हुई थी। दोनों की पहली मुलाकात एक शादी समारोह में हुई थी।

पुलिस के अनुसार, महिला का नाम गौरी बताया जा रहा है, जो मूल रूप से जैसलमेर की रहने वाली है और बालोतरा में उसकी शादी हुई है। बुधवार सुबह वह बाड़मेर पहुंची थी। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी महिला की तलाश में जुटी है।

Share This Article
Exit mobile version