बालोतरा जिले की गिड़ा थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चार माह से फरार चल रहे वांटेड हिस्ट्रीशीटर केसाराम उर्फ किशन मांजु उर्फ केडी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर सोशल मीडिया के माध्यम से समुदाय विशेष की धार्मिक भावनाओं को आहत करने, आपत्तिजनक और भड़काऊ पोस्ट व टिप्पणियां कर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के गंभीर आरोप हैं।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद गहन पूछताछ की और उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से ही कुल 7 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिसके चलते वह लंबे समय से पुलिस की निगरानी में था।
सोशल मीडिया पोस्ट से भड़का सामाजिक आक्रोश
पुलिस के अनुसार इस पूरे मामले की शुरुआत 6 सितंबर 2025 को हुई, जब गिड़ा थाना क्षेत्र के हनीफ खान ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि केसाराम उर्फ केडी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक विशेष समुदाय को निशाना बनाते हुए लगातार आपत्तिजनक, अनर्गल और भड़काऊ पोस्ट व टिप्पणियां कर रहा है।
इन पोस्टों के कारण क्षेत्र में विभिन्न समाज वर्गों में भारी आक्रोश फैल गया था। शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपी की गतिविधियां गंगा-जमुनी तहजीब, सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे को नुकसान पहुंचाने वाली हैं। उसकी पोस्टों से समाज की भावनाएं आहत हुईं और कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका उत्पन्न हो गई।
गिरफ्तारी से बचने के लिए बदलता रहा ठिकाने
बालोतरा पुलिस अधीक्षक रमेश ने बताया कि मामला दर्ज होने के बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गईं। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा है ताकि कानून की पकड़ से बच सके।
गिरफ्तारी के लिए बालोतरा, जोधपुर, सीकर, बाड़मेर, अहमदाबाद, आबूरोड सहित राजस्थान और गुजरात के कई संभावित स्थानों पर दबिश दी गई। तकनीकी निगरानी, मोबाइल लोकेशन और गोपनीय सूचनाओं के आधार पर पुलिस लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी।
जालोर से किया गया डिटेन
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी जालोर क्षेत्र में छिपा हुआ है। इस पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे जालोर से डिटेन किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 1 सितंबर 2025 को अपने मोबाइल फोन से सोशल मीडिया अकाउंट पर समुदाय विशेष के खिलाफ आपत्तिजनक और भड़काऊ पोस्ट व टिप्पणियां की थीं।
कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर समाज में नफरत और वैमनस्य फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की ढील नहीं दी जाएगी।
पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भड़काऊ या आपत्तिजनक सामग्री साझा करने से बचें और ऐसी गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर सामाजिक शांति बनाए रखी जा सके।
