जसोलधाम में दर्शन कर जय मां जसोल क्रिकेट टीम ने लिया आशीर्वाद, कुंवर हरिशचंद्र सिंह जसोल ने खिलाड़ियों का किया उत्साहवर्धन

4 Min Read

जसोल । बालोतरा पंच गौरव योजना के अंतर्गत बालोतरा जिला में खेल विभाग द्वारा इस वर्ष क्रिकेट खेल को चयनित किया गया है। इस योजना के तहत युवाओं में खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से ब्लॉक स्तर की क्रिकेट प्रतियोगिताएँ 12 एवं 13 मार्च को प्रत्येक ब्लॉक में आयोजित की जा रही हैं। इन प्रतियोगिताओं में विजेता रहने वाली टीमें आगे जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगी।

इसी क्रम में ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने जा रही जय मां जसोल क्रिकेट टीम ने प्रतियोगिता से पूर्व जसोलधाम पहुंचकर श्री राणीसा भटियाणीसा, श्री बायोसा, श्री सवाईसिंह जी, श्री लाल बन्ना सा, श्री खेतलाजी एवं श्री काला गौरा भैरूजी के दर्शन लाभ लिए और प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की कामना की। खिलाड़ियों ने मंदिर परिसर स्थित समस्त देवस्थानों में अपनी पूर्ण श्रद्धा के साथ टीम की सफलता के लिए आशीर्वाद प्राप्त किया।

दर्शन लाभ के बाद टीम ने कुंवर हरिशचंद्र सिंह जसोल से शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर कुंवर हरिशचंद्र सिंह जसोल, जो श्री राणी भटियाणी मंदिर संस्थान, जसोल के समिति सदस्य व प्रवक्ता तथा भारतीय जनता पार्टी के राजस्थान प्रदेश कार्यसमिति सदस्य है, उन्होंने खिलाड़ियों से आत्मीय संवाद करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। खेलों के माध्यम से अनुशासन, परिश्रम, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे पूरे समर्पण और खेल भावना के साथ मैदान में उतरें और अपने प्रदर्शन से क्षेत्र का नाम गौरवान्वित करें।

कुंवर हरिशचंद्र सिंह जसोल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। यदि युवाओं को सही मार्गदर्शन और अवसर मिलें तो वे राज्य और देश स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने पंच गौरव योजना के तहत आयोजित इस प्रकार की प्रतियोगिताओं को युवाओं के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन नई प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर प्रदान करते हैं।

उन्होंने टीम के सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि जय मां जसोल क्रिकेट टीम पूरी मेहनत और आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगिता में भाग ले और उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन करे। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन और खेल भावना को सर्वोपरि रखने की भी प्रेरणा दी।

इस दौरान जेतमाल सिंह राठौड़, प्राचार्य राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जसोल भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि खेल गतिविधियाँ विद्यार्थियों और युवाओं के शारीरिक व मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।

उल्लेखनीय है कि जय मां जसोल क्रिकेट टीम मंडापुरा पचपदरा में आयोजित दो दिवसीय ब्लॉक स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में भाग लेगी। इस प्रतियोगिता में बालोतरा ब्लॉक की कुल 07 टीमें हिस्सा ले रही हैं।

जय मां जसोल टीम में कुल 16 खिलाड़ी शामिल हैं, जो प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। टीम के साथ कोच मंगलेश और स्पोर्टिंग स्टाफ दलपत सिंह भी रहेंगे, जो खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करेंगे।

Share This Article
Exit mobile version