Jaisalmer News पोकरण में कथित गौहत्या से उबाल, बाजार बंद, शहर छावनी में तब्दील, विशाल हिंदू आंदोलन का ऐलान

4 Min Read

पोकरण क्षेत्र में कथित गौहत्या की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। केलावा गांव के समीप एक पशु को क्रूरतापूर्वक घसीटकर मारने के आरोप सामने आने के बाद न सिर्फ ग्रामीणों, बल्कि पूरे सर्व समाज में गहरा आक्रोश फैल गया है। मामला सामने आते ही पोकरण कस्बे में तनाव का माहौल बन गया, जिसे देखते हुए प्रशासन को सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने पड़े।

घटना के विरोध में सर्व समाज संगठनों ने बाजार बंद और विशाल हिंदू आंदोलन का आह्वान किया है। हालात की गंभीरता को देखते हुए पोकरण शहर को लगभग पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।

आज पूरी तरह बंद रहेगा पोकरण बाजार, व्यापार मंडल ने जताया समर्थन

कथित गौहत्या के विरोध में शनिवार को पोकरण का संपूर्ण बाजार बंद रहेगा। व्यापार मंडल ने एकमत होकर बंद को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की है। व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेश व्यास ने कहा कि यह केवल एक पशु की हत्या का मामला नहीं है, बल्कि यह समाज की धार्मिक और भावनात्मक आस्थाओं से जुड़ा अत्यंत संवेदनशील विषय है।

उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे शांति और अनुशासन बनाए रखते हुए बंद को सफल बनाएं, ताकि अपनी बात को लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से प्रशासन तक पहुंचाया जा सके।

पुलिस प्रशासन अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर तैनाती, फ्लैग मार्च से शांति का संदेश

घटना के बाद से ही पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क मोड पर है। शहर के प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्रों, संवेदनशील इलाकों और प्रवेश मार्गों पर भारी पुलिस जाप्ता तैनात कर दिया गया है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया है।

पुलिस द्वारा शहर में शुक्रवार शाम फ्लैग मार्च भी निकाला गया, जिसके जरिए आमजन को शांति, संयम और कानून व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रवीण कुमार सैन, वृताधिकारी भवानी सिंह राठौड़ और थानाधिकारी भारत रावत स्वयं मौके पर मौजूद रहकर हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और पुलिस बल की कमान संभाल रहे हैं।

आज दोपहर विशाल हिंदू आंदोलन की घोषणा

गौहत्या की कथित घटना के विरोध में आज शनिवार दोपहर 12:30 बजे पंचायत समिति पोकरण के सामने विशाल हिंदू आंदोलन आयोजित किया जाएगा। आंदोलन को लेकर क्षेत्र में जबरदस्त हलचल और आक्रोश का माहौल है। सर्व समाज और विभिन्न संगठनों ने आंदोलन में बड़ी संख्या में शामिल होने की तैयारी शुरू कर दी है।

आयोजकों का कहना है कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा, लेकिन दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग प्रमुख रूप से उठाई जाएगी। केलावा मार्ग पर मिला पशु का शव, अवशेष और खून के निशान

पुलिस के अनुसार, बुधवार रात पोकरण क्षेत्र के केलावा गांव के पास यह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गुरुवार सुबह सूचना मिली कि पोकरण-केलावा मार्ग पर एक फैक्ट्री के पीछे पशु के अवशेष, खून के निशान और घसीटे जाने के स्पष्ट प्रमाण मौजूद हैं।

ग्रामीणों ने आशंका जताई कि किसी असामाजिक तत्व ने क्षेत्र में घूम रहे एक बछड़े  को पहले काफी दूरी तक बेरहमी से घसीटा और बाद में उसकी हत्या कर दी। घटना स्थल से पशु के कुछ अवशेष गायब होने की बात भी सामने आई है, जिससे मामले को लेकर संदेह और गहरा गया है।

Share This Article
Exit mobile version