Skip to content

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जैसलमेर के खुहड़ी धोरों में मुख्यमंत्री करेंगे योग, तैयारियां युद्धस्तर पर जारी

3 Min Read

जैसलमेर | अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 21 जून को जैसलमेर जिले के प्रसिद्ध खुहड़ी गांव में योगाभ्यास कर राज्यवासियों को योग को जीवन में अपनाने का संदेश देंगे। मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं, हालांकि अभी तक उनके कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री 20 जून की शाम जैसलमेर पहुंचेंगे और यहां रात्रि विश्राम के बाद 21 जून की सुबह हेलीकॉप्टर से खुहड़ी गांव के लिए प्रस्थान करेंगे। हेलीपैड निर्माण कार्य के लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा नीम की ढाणी के पास स्थान चिन्हित किया गया है, जो खुहड़ी से लगभग 5-6 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। हेलीपैड से मुख्यमंत्री वाहन द्वारा योगाभ्यास स्थल पर पहुंचेंगे।

खुहड़ी को योग दिवस के राज्य स्तरीय आयोजन के लिए चुना जाना इस क्षेत्र के पर्यटन विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा प्रदेश के पर्यटन स्थलों को योग से जोड़ने की नई पहल कर रहे हैं, जिससे इन स्थलों को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिल सके और योग को आमजन के जीवन का हिस्सा बनाया जा सके।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जैसलमेर के खुहड़ी धोरों में मुख्यमंत्री करेंगे योग, तैयारियां युद्धस्तर पर जारी 3

खुहड़ी का महत्व इसके लहरदार रेत के धोरों की वजह से सम सेंड ड्यून्स के समकक्ष माना जाता है, लेकिन डीएनपी (डेजर्ट नेशनल पार्क) की रोकटोक, सिंगल रोड और कम सुविधाओं के चलते अब तक यह क्षेत्र अपेक्षित पहचान नहीं बना सका। अब प्रशासन खुहड़ी को विश्व पर्यटन मानचित्र पर लाने की दिशा में सक्रिय है। हाल ही में डीएनपी के पिलरों की जांच कर पुनःस्थापन किया गया है, जिससे खुहड़ी गांव का अधिकांश हिस्सा पाबंदियों से मुक्त हो गया है। इसके साथ ही खुहड़ी रोड को चौड़ा करने का कार्य भी जल्द आरंभ किया जाएगा।

मुख्यमंत्री की प्रस्तावित यात्रा को लेकर पंचायती राज, सार्वजनिक निर्माण, राजस्व एवं अन्य संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा गया है। हेलीपैड निर्माण, सड़कों की मरम्मत, सफाई व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों को लेकर युद्धस्तर पर काम किया जा रहा है।

गौरतलब है कि इससे पूर्व वर्ष 2022 में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने सम के प्रसिद्ध सेंड ड्यून्स पर योगाभ्यास कर इस परंपरा की शुरुआत की थी। उस समय आज़ादी के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में केंद्र सरकार द्वारा देशभर में 75 विरासत स्थलों का चयन योग कार्यक्रम के लिए किया गया था।

Share This Article
Exit mobile version