खबर :योगेश सोनी
बालोतरा। इनरव्हील क्लब बालोतरा द्वारा आयोजित सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा के तीसरे दिन खत्री भवन में श्रद्धालुओं का उत्साह और उल्लास देखते ही बन रहा था। नगर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में भक्तजन कथा प्रसंगों के श्रवण हेतु पहुंचे और पूरे वातावरण में भक्ति व आनंद का संचार दिखाई दिया।
कथा के आरंभ में आचार्य आनंद भाई जी के साथ पधारे कलाकारों द्वारा जैसे ही राधे-राधे और जय श्री राधे के जयकारे लगाए गए, पूरा कथा स्थल राधामय हो गया। इसके पश्चात बांके बिहारी लाल की जयघोष से पूरा भवन गूंज उठा और भक्तजन भाव-विभोर हो गए।
इनरव्हील क्लब की सचिव नैना सालेचा ने जानकारी देते हुए बताया कि आज के कथा प्रसंग में आचार्य आनंद भाई जी ने भगवान शंकर और सती माता की मार्मिक कथा का वर्णन किया। कथा के दौरान भक्त अत्यंत मनोवेग और एकाग्रता के साथ श्रवण करते नजर आए। विशेष रूप से जब सती माता के यज्ञाग्नि में प्रवेश की करुण कथा सुनाई गई, तो कथा स्थल पर उपस्थित श्रद्धालु भावुक हो उठे और वातावरण गहन संवेदनाओं से भर गया।
कथा के उपरांत भक्त ध्रुव और नारायण भगवान की मनोहारी झांकी प्रस्तुत की गई, जिसने श्रद्धालुओं को भक्ति और वैराग्य का संदेश दिया। झांकी दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ आरती कर आध्यात्मिक आनंद का अनुभव किया।
कार्यक्रम के दौरान ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय से पधारीं उमा बहन एवं अस्मिता बहन का इनरव्हील क्लब की ओर से दुपट्टा पहनाकर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। इस अवसर पर इनरव्हील क्लब बालोतरा की समस्त सदस्याएं उपस्थित रहीं और आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाई।
