मुख्यमंत्री के कनाना आगमन की तैयारियां तेज, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

2 Min Read

आज से तीन दिवसीय महायज्ञ शुरू

बालोतरा/कनाना। प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रस्तावित कनाना दौरे को लेकर प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को मंत्री जोगाराम पटेल, पचपदरा विधायक अरुण चौधरी, सिवाना विधायक हमीरसिंह भायल तथा बालोतरा उपखंड अधिकारी अशोक कुमार ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

प्रशासन ने लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने सभा स्थल, मंच व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा, पेयजल, विद्युत आपूर्ति तथा आमजन की सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं, ताकि मुख्यमंत्री के आगमन पर किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के दौरे को सफल बनाने के लिए प्रशासन और कार्यकर्ताओं को समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ आमजन की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।

वहीं, विधायक अरुण चौधरी एवं हमीरसिंह भायल ने भी कार्यक्रम को लेकर स्थानीय स्तर पर तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी कार्यक्रम में शामिल होंगे, ऐसे में व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित एवं सुचारु रहनी चाहिए।

बालोतरा उपखंड अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर सभी विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं तथा निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि मुख्यमंत्री के आगमन से पूर्व सभी तैयारियां पूर्ण कर ली जाएंगी।

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। वहीं, आज से कनाना में तीन दिवसीय 1008 कुंडात्मक श्री ललिता महायज्ञ का शुभारंभ हो रहा है, जिसमें देशभर से संत-महात्मा एवं श्रद्धालु शामिल होंगे।

Share This Article
Exit mobile version