जसोल (बालोतरा)। अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद के क्षेत्रीय संगठन मंत्री श्रीहरि बोरिकर ने आज जसोलधाम पहुंचकर लोकदेवी श्री राणीसा भटियाणीसा के पावन दर्शन किए। दर्शन के समय उन्होंने मंदिर परिसर में व्याप्त आध्यात्मिक वातावरण, शांति एवं अनुशासन की सराहना करते हुए इसे श्रद्धा और आस्था का विशिष्ट केंद्र बताया।
दर्शन उपरांत श्री बोरिकर ने मंदिर परिसर, धर्मशाला, यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का विस्तार से अवलोकन किया। संपूर्ण परिसर की सुव्यवस्थित, सुचारु एवं श्रद्धालु-अनुकूल व्यवस्थाओं को देखकर उन्होंने संतोष व्यक्त किया और मंदिर संस्थान के प्रयासों की प्रशंसा की।
इस अवसर पर श्री राणी भटियाणी मंदिर संस्थान, जसोल के समिति सदस्य एवं प्रवक्ता कुंवर हरिश्चंद्र सिंह जसोल द्वारा श्रीहरि बोरिकर का आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। उन्हें श्री रावल मल्लीनाथ जी एवं श्री राणी रूपादे जी की पावन तस्वीर तथा महेचा राठौड़ों के इतिहास पर आधारित महत्वपूर्ण पुस्तक भेंट की गई, जिसे उन्होंने श्रद्धा एवं सम्मान के साथ स्वीकार किया।
इस अवसर पर श्रीहरि बोरिकर ने कहा कि श्री राणीसा भटियाणीसा मंदिर सनातन संस्कृति, लोकआस्था, ऐतिहासिक परंपराओं और सामाजिक समरसता का सशक्त प्रतीक है। उन्होंने कहा कि संस्थान अध्यक्ष रावल किशन सिंह जसोल के मार्गदर्शन में मंदिर संस्थान द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा, आवास व्यवस्था, स्वच्छता, अनुशासन, सुरक्षा और सुचारु संचालन के लिए किए जा रहे प्रयास अत्यंत सराहनीय हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि जसोलधाम की धर्मशाला और मंदिर परिसर में विकसित की गई व्यवस्थाएं अन्य धार्मिक स्थलों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण हैं। सेवा, संस्कार, सामाजिक दायित्व और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की दिशा में मंदिर संस्थान द्वारा किया जा रहा कार्य समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करता है।
अंत में श्रीहरि बोरिकर ने मंदिर संस्थान के समिति प्रबंधन, पदाधिकारियों, कर्मचारियों एवं सेवाभावी कार्यकर्ताओं के समर्पण, अनुशासन और कार्यकुशलता की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे संगठित और सेवा-भाव से किए गए प्रयासों से हमारी धार्मिक-सांस्कृतिक धरोहर सुरक्षित रहती है और उसकी गरिमा आने वाली पीढ़ियों तक बनी रहती है।
