अमर शहीद हेमू कालाणी बलिदान दिवस पर संगोष्ठी व रक्तदान शिविर, 45 रक्तदाताओं ने किया पुण्य कार्य

3 Min Read
45 रक्तदाताओं ने किया पुण्य कार्य

बालोतरा। राजस्थान सिन्धी अकादमी, जयपुर एवं सिन्धी पंचायत संस्था (रजि.), बालोतरा के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को शहर के सिन्धु पैलेस में अमर शहीद हेमू कालाणी के बलिदान दिवस पर संगोष्ठी एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।

मीडिया प्रभारी प्रकाश मनवानी एवं योगेश सोनी ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत संगोष्ठी से हुई, जिसमें सर्वप्रथम माँ भारती के वीर सपूत अमर शहीद हेमू कालाणी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।

शहीद हेमू कालाणी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी

संगोष्ठी को संबोधित करते हुए चंद्रप्रकाश आसुदानी ने शहीद हेमू कालाणी की जीवनी पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान सिन्ध प्रदेश में क्रांति की ज्वाला बनकर उभरे हेमू कालाणी मात्र 19 वर्ष की अल्पायु में देश के लिए बलिदान हो गए। सक्खर में स्वराज्य सेना के माध्यम से अंग्रेजी फौज को रोकने के लिए उन्होंने रेल पटरियां उखाड़ने का साहसिक प्रयास किया। रंगे हाथ पकड़े जाने के बावजूद उन्होंने कठोर यातनाएं सहते हुए अपने साथियों का नाम उजागर नहीं किया। अंग्रेजी हुकूमत ने उन्हें अन्यायपूर्ण रूप से मृत्युदंड दिया और 21 जनवरी 1943 को वे इंकलाब जिंदाबाद के नारे लगाते हुए हंसते-हंसते शहीद हो गए। उनका बलिदान आज भी युवाओं को देशभक्ति और साहस की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम में संरक्षक वासुदेव बसरानी ने कहा कि देश सेवा केवल सीमा पर जाकर ही नहीं, बल्कि डॉक्टर, शिक्षक, इंजीनियर बनकर और समाज के प्रति समर्पित रहकर भी की जा सकती है। संगोष्ठी के उपरांत रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 45 युवक-युवतियों ने रक्तदान किया। सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर अध्यक्ष टीकमदास खियानी, संरक्षक वासुदेव बसरानी, हरिकिशन सोनी, गुलाबराय चंदानी, सचिव सुनील रामनानी, कोषाध्यक्ष नरेंद्र कुमार लालवानी, नन्दलाल पहुवानी, चंद्रप्रकाश आसुदानी, बाबा साहब प्रतापमल लालवाणी, गोविंदराम आहूजा, नत्थूमल होतवानी, हरीश कुमार आहूजा, इन्द्र कुमार बसरानी, प्रकाश सोनी, योगेश कुमार सुखनानी, सुनील लालवाणी, पंकज सुखनानी, मुरली परमार, महेश कुमार लालवाणी, पंडित विजय शर्मा, गोविन्द कुमार सुखनानी, भारतीय सिन्धु सभा महिला इकाई अध्यक्षा उषा सुखनानी, संरक्षक कौशल्या खियानी, राखी सुखनानी, पम्मी हासवानी, आशा सेवकानी सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

Share This Article
Exit mobile version