शिव विधायक रविन्द्र सिंह भाटी ने शिक्षा मंत्री को लिखा पत्र, सीमावर्ती जिलों में शिक्षकों की भारी कमी को लेकर समान ट्रांसफर एवं स्टाफिंग पैटर्न सिस्टम लागू करने की अपील

2 Min Read
शिव विधायक रविन्द्र सिंह भाटी ने शिक्षा मंत्री को लिखा पत्र,

बाड़मेर/जैसलमेर/जोधपुर/जयपुर। राजस्थान के सीमावर्ती जिलों में शिक्षकों की भारी कमी और असमान स्टाफिंग व्यवस्था को लेकर शिव विधायक रविन्द्र सिंह भाटी ने राज्य के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर को पत्र लिखकर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने राज्य के सभी सरकारी विद्यालयों में समान स्टाफिंग पैटर्न सिस्टम लागू करने की मांग की है, ताकि शिक्षा संसाधनों का संतुलित और न्यायसंगत वितरण सुनिश्चित हो सके।

भाटी ने पत्र में उल्लेख किया कि प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग में रिक्त पदों की स्थिति चिंताजनक है, जिसका सबसे अधिक प्रभाव सीमावर्ती जिलों पर दिखाई देता है।

 प्राथमिक शिक्षा विभाग – रिक्त पद

राज्य औसत: 13.76%

बाड़मेर: 20.01%

जैसलमेर: 21.13%

बीकानेर: 16.87%

सिरोही: 22.52%

 माध्यमिक शिक्षा विभाग – रिक्त पद

राज्य औसत: 26.93%

बाड़मेर: 40.32%

जैसलमेर: 40.56%

बीकानेर: 29.59%

सिरोही: 34.07%

भाटी ने कहा कि सीमावर्ती जिलों में भौगोलिक कठिनाइयों एवं जनसंख्या के फैलाव के कारण शिक्षकों की भारी कमी बनी रहती है, जिससे विद्यार्थियों की शिक्षा प्रभावित होती है और क्षेत्र की शैक्षणिक प्रगति बाधित होती है।

उन्होंने मांग की कि आगामी शैक्षणिक सत्र से समान स्टाफिंग पैटर्न लागू किया जाए, ताकि हर जिले में शिक्षकों की नियुक्ति संतुलित रूप से हो सके और सीमावर्ती क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी समान अवसर मिल सकें।

भाटी ने यह भी कहा कि “शिक्षा हर बच्चे का अधिकार है और इस अधिकार की समान रूप से उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए शिक्षकों का संतुलित वितरण आवश्यक है।”

Share This Article
Exit mobile version