भव्य फाल्गुन महोत्सव में झूमे श्याम भक्त, ‘एक शाम बाबा श्याम के नाम’ में उमड़ा आस्था का सैलाब

3 Min Read

बालोतरा। फाल्गुनी एकादशी के पावन अवसर पर शहर में श्रद्धा और भक्ति का अनुपम संगम देखने को मिला। श्री श्याम शरणम् सेवा समिति (रजि.), बालोतरा के तत्वावधान में शहर के गांधीपुरा स्थित बीआर इंटरनेशनल स्कूल परिसर में एक शाम बाबा श्याम के नाम भव्य फाल्गुन महोत्सव एवं विशाल संकीर्तन का आयोजन किया गया। देर रात तक चले इस आध्यात्मिक आयोजन में सैकड़ों श्याम भक्त भक्ति रस में सराबोर होकर झूमते नजर आए।


समिति के मीडिया प्रभारी योगेश सोनी ने बताया कि फाल्गुन माह को बाबा श्याम की विशेष आराधना का महीना माना जाता है। इसी श्रद्धा के भाव के साथ आयोजित इस महोत्सव में सुप्रसिद्ध भजन कलाकारों ने अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम में श्याम भक्ति के प्रसिद्ध गायक दीपक राव ने हृदयस्पर्शी भजनों से भक्तों को भावविभोर किया। देशी भजनों के कलाकार अशोक प्रजापत, राजेश माली, भजन गायिका पूजा रामावत, सीता माली, भजन गायक नंदलाल गोयल एवं भरत पंवार ने भी बाबा श्याम की महिमा, फाल्गुनी भजनों और संकीर्तन की विशेष प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं मंच संचालन एंकर मयंक अवस्थी ने किया।

भक्ति में झूमे भक्त


बाबा श्याम के शीश का भव्य एवं अलौकिक श्रृंगार कोलकाता से मंगाए गए सुगंधित एवं आकर्षक फूलों से प्रियांशु शर्मा द्वारा किया गया, जो श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा। श्रृंगार दर्शन के लिए भक्तों की कतारें लगी रहीं और पूरे परिसर में हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा के जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा। फाल्गुन महोत्सव के इस भव्य आयोजन ने शहरवासियों को आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत कर दिया और बालोतरा में श्याम भक्ति की अनूठी छटा बिखेर दी। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में पधारे पूनमचंद सुथार, रमेश त्रिवेदी, डॉ. रामेश्वरी चौधरी का दुप्पटा पहनाकर, मोमेंटो प्रदान कर सम्मान किया गया।
इस अवसर पर समिति अध्यक्ष सुमित संचेती, उपाध्यक्ष गोपाल माली, सचिव नरेश शर्मा, कोषाध्यक्ष मनीष लालवाणी, अनूप शर्मा, महेंद्र पंवार, मोहनलाल लालवाणी, भूपेंद्र प्रजापत, ललित सोनी, विवेक माली, सुजल लालवाणी, विवेक गर्ग, माणक प्रजापत, यश लालवाणी, सूरज प्रजापत, प्रियांशु सोनी, प्रतीक बंसल, सीताराम माली, हीरालाल प्रजापत, अरुण सोलंकी सहित सैकड़ों की संख्या में श्याम भक्त मौजूद रहे।

Share This Article
Exit mobile version