बालोतरा। घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की लगातार बढ़ती कीमतों और संभावित किल्लत को लेकर शनिवार को बालोतरा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आमजन को राहत देने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में गैस सिलेंडर लेकर प्रतीकात्मक विरोध जताया। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आम लोगों की रसोई का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महंगाई पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह विफल रही है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्ट्रेट के बाहर प्रधानमंत्री का पुतला फूंककर अपना आक्रोश व्यक्त किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और महंगाई कम करने की मांग उठाई।
पूर्व विधायक मदन प्रजापत ने प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि देश में लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। उन्होंने कहा कि पहले जहां गैस सिलेंडर आम परिवारों की पहुंच में था, वहीं अब इसकी कीमतें इतनी बढ़ गई हैं कि गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए रसोई चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के समय गैस सिलेंडर की कीमत करीब 400 रुपये थी, लेकिन आज स्थिति यह है कि कई स्थानों पर गैस सिलेंडर ब्लैक में 4000 रुपये तक बिकने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रियंका मेघवाल ने कहा कि बढ़ती महंगाई का सबसे अधिक असर महिलाओं पर पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि घर की रसोई संभालने की जिम्मेदारी महिलाओं पर होती है और गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी से घरेलू बजट पूरी तरह प्रभावित हो जाता है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि गैस सिलेंडर की कीमतों में कमी कर आम जनता को राहत दी जाए।
प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए कलेक्ट्रेट परिसर के आसपास हलचल का माहौल रहा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार से जल्द महंगाई पर नियंत्रण करने और गैस सिलेंडर की कीमतों में कमी लाकर आमजन को राहत देने की मांग की।
