Skip to content

बालोतरा में बोलेरो और ट्रैक्टर की भीषण टक्कर, दो मजदूरों की मौके पर मौत

2 Min Read

बालोतरा। जिले के जसोल थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। आसोतरा-बिठूजा मार्ग पर दोपहर करीब 1:20 बजे बोलेरो और ट्रैक्टर की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर पलट गया और उसमें सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद बोलेरो और ट्रैक्टर दोनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को बालोतरा के नाहटा हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान 35 वर्षीय अजाराम भील निवासी आसोतरा और 33 वर्षीय दानाराम भील निवासी बिठूजा के रूप में हुई है। दोनों ट्रैक्टर से बिठूजा से आसोतरा की ओर क्रशर पर कंक्रीट भरने जा रहे थे।

ट्रैक्टर पलटने से दोनों की मौके पर ही गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी जान नहीं बच सकी। हादसे में बोलेरो में केवल चालक मौजूद था, जो आसोतरा से बिठूजा की ओर जा रहा था। उसे मामूली चोटें आई हैं।

सूचना मिलते ही जसोल पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर सड़क पर यातायात बहाल करवाया गया। दोनों मृतकों के शव नाहटा हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, अजाराम अपने पिता की इकलौती संतान था, जबकि दानाराम की शादी मात्र एक साल पहले हुई थी। दानाराम की अभी कोई संतान नहीं है। हादसे के बाद उसका छोटा भाई गहरे सदमे में है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में दोनों वाहनों की रफ्तार को हादसे का कारण माना जा रहा है।

Share This Article
Exit mobile version