11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज पूरे राजस्थान में बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ योग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस बार योग दिवस की थीम “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य” रखी गई है, जिसके अंतर्गत राज्य के कोने-कोने में हजारों स्थानों पर सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन हो रहा है। प्रदेश भर में मंत्री, सांसद, विधायक, प्रशासनिक अधिकारी, भाजपा संगठन से जुड़े पदाधिकारी व आमजन बड़ी संख्या में इस अभियान में भाग ले रहे हैं।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा स्वयं आज जैसलमेर जिले के खुहड़ी सैंड ड्यून्स में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य योग कार्यक्रम में शामिल हुए। सुबह 6 बजे से शुरू हुए इस भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने रेगिस्तान की सुनहरी रेत पर योगाभ्यास करते हुए नागरिकों को योग के महत्व को अपनाने की प्रेरणा दी।
खुहड़ी के विस्तृत धोरों पर आयोजित इस कार्यक्रम में जिले भर से आए हजारों लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम स्थल को पारंपरिक राजस्थानी सांस्कृतिक छटा और योग की आध्यात्मिक ऊर्जा से सजाया गया था। योग प्रशिक्षकों ने मंच से विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया, जिसमें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी पूरे मनोयोग से भाग लिया।

मुख्यमंत्री के साथ जैसलमेर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, भाजपा के संगठनात्मक पदाधिकारी, महिला एवं युवा संगठनों के प्रतिनिधि, स्कूली छात्र, विभिन्न विभागों के कर्मचारी और आमजन भी मौजूद रहे।
योग दिवस के इस राज्य स्तरीय आयोजन के साथ ही जैसलमेर के अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों जैसे सम सैंड ड्यून्स, सोनार किला, गड़सीसर लेक, बड़ाबाग, सालमसागर तालाब, पोकरण और रामदेवरा के मेला चौक में भी सामूहिक योग सत्र आयोजित किए गए हैं। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में पुरुषों, महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इसके अलावा जिले की सभी ब्लॉक मुख्यालयों, ग्राम पंचायतों, विद्यालयों, आयुष्मान भारत स्वास्थ्य केंद्रों (आरोग्य मंदिरों) तथा अन्य संस्थानों में भी आज सुबह से ही योग कार्यक्रमों का सिलसिला जारी है। प्रशासन और स्थानीय संगठनों ने ग्रामीण क्षेत्रों तक योग पहुंचाने के लिए विशेष पहल की है।
योग कार्यक्रम के पश्चात मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का अगला पड़ाव अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित पावन शक्तिपीठ मातेश्वरी तनोट राय मंदिर है। सुबह 9 बजे वे तनोट माता मंदिर पहुंचकर दर्शन व विशेष पूजा-अर्चना करेंगे। जिला मंत्री ने जानकारी दी है कि मुख्यमंत्री की तनोट माता में गहरी आस्था है
पूजा अर्चना के बाद मुख्यमंत्री सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों से मुलाकात करेंगे और देश की रक्षा में समर्पित जवानों का मनोबल बढ़ाएंगे। उनके इस दौरे को सैनिक सम्मान और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है।
मुख्यमंत्री फिर करीब 11 बजे जैसलमेर लौटकर दोपहर 12 बजे सर्किट हाउस में जनसुनवाई करेंगे, जहां वे जिलेभर से आए आम नागरिकों की समस्याएं सुनेंगे और समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश देंगे।
अंत में मुख्यमंत्री दोपहर 1 बजे जैसलमेर एयरपोर्ट से विशेष विमान द्वारा जयपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। योग दिवस की इस यात्रा को जैसलमेरवासियों के लिए एक गौरवशाली दिन के रूप में देखा जा रहा है, जहां राज्य के मुखिया ने स्वयं रेगिस्तान की धरती पर योग कर पूरे देश को स्वास्थ्य और समरसता का संदेश दिया।
