भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक सड़क हादसा: पति-पत्नी और मासूम बेटी की मौत, सूरत लौटते समय हुआ हादसा….

Narpat Mali
3 Min Read
पति-पत्नी और मासूम बेटी की मौत, सूरत लौटते समय हुआ हादसा

बालोतरा/सांचौर। भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे में बालोतरा जिले के जसोल निवासी दंपती और उनकी मासूम पुत्री की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पुत्र और चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में शामिल एसयूवी में बैठे दो युवक भी घायल बताए जा रहे हैं।

मृतक परिवार सूरत में कपड़ों का व्यवसाय करता था और जसोल में पारिवारिक शादी समारोह में भाग लेकर सूरत लौट रहा था। लेकिन रास्ते में यह यात्रा दर्दनाक हादसे में बदल गई।

रॉन्ग साइड से आई एसयूवी ने मारी जोरदार टक्कर

भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक सड़क हादसा: पति-पत्नी और मासूम बेटी की मौत, सूरत लौटते समय हुआ हादसा.... 1001591330
हादसे में अरुण पत्नी वंदना, मासूम बेटी धीयारा की मौत

हादसे में जसोल निवासी अरुण भाई (35) अपनी पत्नी वंदना (33), पुत्री धीयारा (4), पुत्र पहल और चचेरे भाई भरत के साथ कार में सवार होकर सूरत जा रहे थे। इसी दौरान सांचौर के पास एक्सप्रेस-वे पर सामने से रॉन्ग साइड से आ रही एक एसयूवी ने उनकी किया कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

हादसे में अरुण भाई, उनकी पत्नी वंदना और मासूम बेटी धीयारा की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चचेरा भाई भरत और पुत्र पहल गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सांचौर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मरम्मत कार्य के कारण एक लेन से चल रहा था यातायात

जानकारी अनुसार, एक्सप्रेस-वे का एक हिस्सा मरम्मत कार्य के चलते बंद था, जिसके कारण दोनों दिशाओं का यातायात एक ही लेन से संचालित हो रहा था। इसी दौरान मोड़ पर दोनों गाड़ियां आमने-सामने आ गईं और जोरदार भिड़ंत हो गई।

सूचना पर सांचौर पुलिस मौके पर पहुंची, शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा, और मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जसोल में शोक की लहर

हादसे की खबर सुनते ही जसोल पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। रिश्तेदारों और परिचितों ने बताया कि जसोल में रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने के बाद परिवार सूरत लौट रहा था  आज सुबह ही  सूरत के लिए रवाना हुआ था। लेकिन कुछ ही घंटों में खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। 

Share This Article