बालोतरा। पूज्य सिंधी पंचायत संस्था बालोतरा की आम जनरल बैठक रविवार शाम सिंधु पैलेस में समाज अध्यक्ष वासुदेव बसरानी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में कोषाध्यक्ष प्रकाश सोनी एवं इंद्रकुमार बसरानी ने दो वर्षों का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया, जिसे सदस्यों ने सर्वसम्मति से पारित किया।
पूर्व कार्यकारिणी का कार्यकाल पूर्ण होने पर नई कार्यकारिणी के गठन पर चर्चा की गई। अध्यक्ष पद हेतु समाज सदस्यों द्वारा विभिन्न नाम प्रस्तावित किए गए। सबसे पहले हरिकिशन सोनी ने टीकमदास खियाणी का नाम आगे रखा। इसके बाद हीरालाल ने प्रतापमल लालवाणी, वर्तमान अध्यक्ष वासुदेव बसरानी ने गोरधन मेघनानी तथा नत्थूमल होतवानी ने चंद्रप्रकाश मेघनानी के नाम प्रस्तावित किए।

करीब ढाई घंटे तक चली विस्तृत चर्चा और विचार-विमर्श के बाद सभी समाज बंधुओं की सर्वसम्मति से टीकमदास खियाणी को नया अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। नवनियुक्त अध्यक्ष का सभी सदस्यों ने माला पहनाकर स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
पदभार ग्रहण करने के पश्चात टीकमदास खियाणी ने समाज के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज ने उन पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उसे वे पूर्ण निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि वे पूरे समाज को एक परिवार की तरह साथ लेकर चलने का प्रयास करेंगे। इस अवसर पर समाज के सभी सदस्य मौजूद रहे।

