JaisalmerNews जैसलमेर में चोरी की अनोखी वारदात: इंजीनियर के क्वार्टर में चोरी, शराब पी और दीवारों पर ‘बिहारी बाबू’ के संदेश छोड़ गया चोर

BHAWANI SINGH
5 Min Read

जैसलमेर।राजस्थान के सीमावर्ती जिले जैसलमेर में चोरी की एक ऐसी अजीबोगरीब घटना सामने आई है, जिसने पुलिस से लेकर आम लोगों तक को हैरान कर दिया है। यहां एक सरकारी इंजीनियर के सरकारी आवास में चोर ने न केवल कीमती सामान पर हाथ साफ किया, बल्कि चोरी के बाद घर में बैठकर शराब पी, दीवारों पर लिपस्टिक से संदेश लिखे और मकान मालिक के लिए चेतावनी भरे नोट छोड़कर फरार हो गया।

यह मामला जैसलमेर शहर की इंदिरा गांधी नहर परियोजना कॉलोनी का है, जहां असिस्टेंट इंजीनियर (AEN) सोहन जांगिड़ के सरकारी क्वार्टर में शनिवार देर रात चोरी की वारदात हुई।

बाहर गए थे इंजीनियर, सूना घर देख चोर ने तोड़ा ताला

पीड़ित इंजीनियर सोहन जांगिड़ ने बताया कि वह किसी निजी काम से घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान चोर ने सूना मकान देखकर मौका ताड़ा और रात के समय ताला तोड़कर घर में प्रवेश कर गया। सुबह पड़ोसियों ने टूटे ताले देखे, जिसके बाद उन्हें चोरी की जानकारी मिली।

सामान समेटा, शराब मिली तो घर में ही जमाया ‘जाम’

घर में घुसने के बाद चोर ने अलमारी और कमरों की तलाशी ली और वहां से लैपटॉप, टीवी, ब्रांड न्यू शर्ट-जींस, ब्लेजर और परफ्यूम समेत कई कीमती सामान समेट लिया।

JaisalmerNews जैसलमेर में चोरी की अनोखी वारदात: इंजीनियर के क्वार्टर में चोरी, शराब पी और दीवारों पर ‘बिहारी बाबू’ के संदेश छोड़ गया चोर 1002003562
दिवार पर लिखा

इसी दौरान चोर को अलमारी में एक महंगी शराब की बोतल मिल गई। इसके बाद उसने जल्दबाजी करने के बजाय घर में ही बैठकर पूरी शराब पी। हालांकि, खाने के लिए कुछ न मिलने पर वह नाराज हो गया।

“दारू रखते हो तो चिप्स भी रखा करो”

शराब पीने के बाद चोर ने मकान मालिक के लिए कागज पर एक नोट छोड़ा, जिसमें लिखा

“घर में दारू रखोगे तो साथ में आलू चिप्स भी जरूर रखना।”

यह लाइन पढ़कर न केवल पीड़ित इंजीनियर, बल्कि पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए।

दीवारों पर लिपस्टिक से लिखे संदेश, पुलिस को भी दी चुनौती

चोर यहीं नहीं रुका। उसने घर में रखी लिपस्टिक से दीवारों पर कई संदेश लिख डाले। इनमें से एक संदेश में खुद को ‘बिहारी बाबू’ बताते हुए लिखा गया

“ढूंढते रह जाओगे, लेकिन बिहारी बाबू न कभी मिला, न कभी मिलेगा।”

एक अन्य संदेश में चोर ने पुलिस में शिकायत करने पर धमकी भी दी

“अगर पुलिस में शिकायत की तो समझ लेना तू मेरा बहुत बड़ा दुश्मन होगा। नहीं तो मैं तुम्हें भूल जाऊंगा, तू मुझे भूल जाना।”

धन्यवाद – बिहारी बाबू’ लिखकर गया चोर

दीवार पर लिखे एक लंबे संदेश में चोर ने भावनात्मक अंदाज़ में लिखा

“आपकी सुंदर पेन से लिख रहा हूं। मैंने तुम्हारा अन्न खाया है, आनंद आया। मजबूरी ने पहली बार ऐसा काम करवाया है। जिंदा रहा तो एहसान नहीं भूलूंगा। धन्यवाद- बिहारी बाबू।”

इन पंक्तियों ने इस चोरी को एक सामान्य वारदात से अलग और रहस्यमय बना दिया है।

पुलिस जांच में जुटी, CCTV और फिंगरप्रिंट खंगाले जा रहे

जैसलमेर कोतवाली थाना के SHO सुरजाराम ने बताया कि मामले में अज्ञात चोर के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, वहीं घर से फिंगरप्रिंट सहित अन्य साक्ष्य भी जुटाए गए हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चोर द्वारा छोड़े गए नोट्स और लिखावट भी जांच का अहम हिस्सा हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

आम चोरी नहीं, पुलिस के लिए चुनौती बनी वारदात

इस घटना ने जैसलमेर में चर्चा का विषय बना दिया है। आमतौर पर चोर चोरी के बाद जल्द फरार हो जाते हैं, लेकिन यहां आरोपी ने फुर्सत से शराब पी, मैसेज लिखे और पुलिस को खुली चुनौती देकर चला गया। ऐसे में यह मामला पुलिस के लिए प्रतिष्ठा से जुड़ा बन गया है।

अब देखना यह होगा कि “बिहारी बाबू” नाम से खुद को बताने वाला यह रहस्यमय चोर पुलिस की पकड़ में कब तक आता है।

Share This Article