बालोतरा के औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। औद्योगिक क्षेत्र के चतुर्थ चरण स्थित एक कपड़ा फैक्ट्री में स्लज टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से तीन मजदूरों की मौत हो गई। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 12:30 बजे फैक्ट्री में बने केमिकल स्लज टैंक की सफाई का काम चल रहा था। इसी दौरान तीन मजदूर टैंक के अंदर उतरकर जमा केमिकल और गाद को साफ कर रहे थे। अचानक टैंक के भीतर जहरीली गैस बन गई, जिससे तीनों मजदूर बेहोश होकर अंदर ही गिर पड़े। मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने उन्हें तुरंत बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से बालोतरा के राजकीय नाहटा अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों मजदूरों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान श्रवण (32), गुमनाराम (25) और विशंभर तिवारी (54) निवासी बालोतरा के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने फैक्ट्री का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया है।
