बोरावास की बेटी वर्षा चौधरी बनी संस्कृत शिक्षा विभाग में जोधपुर संभाग की टॉपर, 95% अंक हासिल कर बढ़ाया मान

Narpat Mali
3 Min Read

प्रतिभाओं का हुआ सम्मान समारोह 

बालोतरा/तिलवाड़ा। राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय बोरावास में वर्ष 2026 की विभिन्न बोर्ड परीक्षाओं—प्रवेशिका (10वीं), वरिष्ठ उपाध्याय (12वीं), 8वीं एवं 5वीं—में उत्तीर्ण विद्यार्थियों का सम्मानजनक समारोह आयोजित किया गया।

संस्था प्रधान चोखाराम ने बताया कि संस्कृत शिक्षा विभाग की वरिष्ठ उपाध्याय (12वीं) परीक्षा 2026 में कुल 15 विद्यार्थियों में से 13 प्रथम श्रेणी एवं 2 द्वितीय श्रेणी से उत्तीर्ण हुए। विद्यालय की छात्रा वर्षा कुमारी पुत्री गणेश चौधरी ने 95% अंक प्राप्त कर पूरे जोधपुर संभाग के संस्कृत शिक्षा विभाग में प्रथम स्थान हासिल कर विद्यालय एवं गांव का नाम रोशन किया।

पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी अव्वल

वर्षा की खास बात यह रही कि उन्होंने घर के कामकाज की जिम्मेदारियों के साथ-साथ पढ़ाई में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसके साथ ही वे खेलकूद गतिविधियों में भी हमेशा आगे रही हैं, जो उनकी बहुमुखी प्रतिभा को दर्शाता है।

वर्षा ने शैक्षणिक उपलब्धि में वर्षा ने अंग्रेजी अनिवार्य एवं पॉलिटिकल साइंस विषय में 100 में से 100 अंक प्राप्त कर विशेष उपलब्धि दर्ज की

वहीं प्रवेशिका (10वीं) परीक्षा 2026 में विद्यालय के छात्र प्रवीण पुत्र बस्ता राम ने जोधपुर संभाग में प्रथम स्थान एवं खुशबू कुमारी पुत्री भट्टा राम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि पर सरपंच प्रतिनिधि सोहन सिंह मकवाना, समाजसेवी कानाराम साईं सहित ग्रामीणों द्वारा प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का माला एवं साफा पहनाकर स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में 8वीं एवं 5वीं बोर्ड परीक्षाओं में ए ग्रेड प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का भी सम्मान किया गया। साथ ही विद्यालय की 6 बालिकाओं का गार्गी पुरस्कार एवं बालिका प्रोत्साहन पुरस्कार के लिए चयन होने पर भी खुशी जताई गई।

प्रतिभाओं की इस सफलता पर गांव में हर्षोल्लास का माहौल रहा और ग्रामीणों व विद्यार्थियों ने मिठाई बांटकर खुशी मनाई। समाजसेवी सोहन सिंह मकवाना द्वारा प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को ₹2500 की नकद प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की गई।

इस अवसर पर वालाराम चौधरी, चौथाराम माली, हुसैन खान, मनोज कुमार भार्गव, जितेंद्र सिंह, खेताराम, गोपीकिशन बिश्नोई, हनुमानाराम, राकेश जांगिड़, संजू कुमारी, अनु कुमारी, भावना, प्रमिला सहित अनेक ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Share This Article