बालोतरा में फिल्मी वारदात: युवती के अपहरण की कोशिश नाकाम, परिवार ने बदमाशों को खदेड़ा

Narpat Mali
2 Min Read

बालोतरा जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के रनियादेशीपुरा गांव में एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने एक घर में घुसकर युवती के अपहरण का प्रयास किया। हालांकि, परिवार की सतर्कता और बहादुरी के चलते बदमाशों को मौके से भागना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, देर शाम दो स्कॉर्पियो गाड़ियों में सवार करीब 10 बदमाश नारायणराम पटेल के घर के बाहर पहुंचे। बदमाशों ने अचानक घर में घुसने की कोशिश की, जिससे परिवार के लोग घबरा गए। लेकिन उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए तुरंत लाठियां और आसपास का सामान उठाकर बदमाशों का सामना किया।

परिजनों के इस कड़े प्रतिरोध से बदमाशों के हौसले पस्त हो गए। खुद को घिरता देख बदमाशों ने गांव में दहशत फैलाने के लिए दो राउंड हवाई फायरिंग की और वहां से फरार हो गए। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर जमा हो गए।

घटना के दौरान बदमाशों की एक मैगजीन मौके पर गिर गई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। वहीं, पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिससे आरोपियों की पहचान में मदद मिल रही है।

सूचना मिलते ही डीएसपी विकास कुमार और कल्याणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। ग्रामीणों में घटना के बाद आक्रोश और भय का माहौल है, वहीं पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।

Share This Article