Balotra News: सिवाना में कपड़ों की दुकान में आग, लाखों का नुकसान, फायर ब्रिगेड की देरी पर सवाल

Narpat Mali
4 Min Read

बालोतरा। जिले के सिवाना कस्बे में मंगलवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सिवाना–बालोतरा रोड स्थित एक रेडीमेड कपड़ों की दुकान में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कुछ ही मिनटों में पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में दुकान में रखा लाखों रुपये का कपड़ों का स्टॉक और नकदी जलकर पूरी तरह राख हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने की घटना शाम करीब 5 बजे की है। दुकान उस समय बंद थी और मालिक किसी निजी काम से बाहर गया हुआ था। शटर बंद होने के कारण अंदर लगी आग का तुरंत पता नहीं चल पाया। जब दुकान से धुआं और लपटें बाहर निकलती दिखीं, तब आसपास के लोगों ने शोर मचाया और तत्काल दुकान मालिक को सूचना दी।

स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा, नगर पालिका के टैंकर से बुझाई आग

आग की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। बिना देर किए लोगों ने अपने स्तर पर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। सिवाना नगर पालिका से पानी का टैंकर मंगवाया गया, जिसके जरिए आग बुझाने की कोशिश की गई। सीमित संसाधनों के बावजूद स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत की, लेकिन आग इतनी तेज थी कि उस पर पूरी तरह काबू पाना मुश्किल हो गया।

इस बीच बालोतरा नगर परिषद को भी फायर ब्रिगेड के लिए सूचना दी गई। हालांकि, फायर ब्रिगेड को सिवाना पहुंचने में करीब एक घंटे का समय लग गया। तब तक दुकान के अंदर रखा सारा सामान रेडीमेड कपड़े, अन्य सामग्री और कैश पूरी तरह जल चुका था।

आग के बाद मौके पर उमड़ी भीड़, पुलिस पहुंची

Balotra News: सिवाना में कपड़ों की दुकान में आग, लाखों का नुकसान, फायर ब्रिगेड की देरी पर सवाल 1001976481
दमकल पहुंची मौके पर

आग की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। हालात को देखते हुए सिवाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित किया और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। आग लगने के वास्तविक कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है।

प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस और संबंधित विभाग जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की बात कह रहे हैं।

दुकान मालिक को भारी आर्थिक झटका

बताया गया कि यह दुकान सिवाना–बालोतरा रोड पर स्थित है और स्थानीय व्यापारी ललित ओझा की है। दुकान में रेडीमेड कपड़ों का अच्छा खासा स्टॉक मौजूद था, जो आगामी सीजन को ध्यान में रखकर रखा गया था। अचानक हुए इस हादसे ने दुकान मालिक को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाया है।

स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि यदि फायर ब्रिगेड समय पर पहुंच जाती, तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था।

फायर ब्रिगेड की देरी पर सवाल

घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि सिवाना जैसे कस्बे में आगजनी की घटनाओं के लिए पर्याप्त अग्निशमन व्यवस्था नहीं होना चिंता का विषय है। एक घंटे की देरी ने इस हादसे को और भयावह बना दिया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आग लगने के कारणों की पड़ताल की जा रही है

Share This Article