भजन गायक छोटूसिंह रावणा को मिली धमकी, सुरक्षा की मांग को लेकर एसपी को सोपा ज्ञापन

Narpat Mali
2 Min Read

बालोतरा। रावणा राजपूत समाज बालोतरा की ओर से प्रसिद्ध भजन गायक छोटूसिंह रावणा को मिली कथित धमकी के विरोध में पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर उनकी सुरक्षा की मांग की गई है।

ज्ञापन में बताया गया कि 27 मार्च 2026 की रात्रि करीब 11 बजे के बाद निर्दलीय विधायक रविंद्रसिंह भाटी द्वारा एक फेसबुक कमेंट के संदर्भ में फोन कॉल कर कथित रूप से धमकी दी गई। समाज ने इस घटना को एक कलाकार की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर आघात बताते हुए कड़े शब्दों में निंदा की है।

समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि छोटूसिंह रावणा एक प्रतिष्ठित भजन गायक हैं, जिनके देशभर में भक्ति संध्या और जागरण कार्यक्रम आयोजित होते हैं। वहीं विधायक के समर्थकों का भी व्यापक जनाधार है, ऐसे में इस प्रकार की घटनाओं से सामाजिक तनाव बढ़ने की आशंका जताई गई है।

ज्ञापन के माध्यम से समाज ने मांग की है कि भजन गायक को उचित सुरक्षा प्रदान की जाए, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा संबंधित जनप्रतिनिधि को भविष्य में इस प्रकार की धमकीपूर्ण गतिविधियों से बचने की समझाइश दी जाए।

समाज ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।

Share This Article