बालोतरा में आगामी 25 नवंबर 2025 को आयोजित होने वाले श्री श्याम महोत्सव भव्य संकीर्तन कार्यक्रम की तैयारियां चरम पर हैं। इस बीच आयोजन को लेकर राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किशनराव बागड़े ने जयपुर स्थित राजभवन में महोत्सव के पोस्टर का विमोचन कर आयोजन को लेकर उत्साह और महत्व को रेखांकित किया।
महोत्सव का आयोजन श्री श्याम शरणम् सेवा समिति (रजि.) बालोतरा द्वारा किया जा रहा है, जिसकी तैयारियां पिछले कई हफ्तों से बड़े पैमाने पर चल रही है।
राज्यपाल ने की समिति के प्रयासों की सराहना, कहा भक्ति समाज में लाती है एकता और सद्भाव
पोस्टर विमोचन के दौरान समिति अध्यक्ष सुमित संचेती ने राज्यपाल का दुपट्टा ओढ़ाकर, गुलदस्ता और मोमेंटो भेंट कर स्वागत किया।
राज्यपाल बागड़े ने समिति के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि खाटूश्यामजी की भक्ति केवल आस्था नहीं, बल्कि समाज में एकजुटता, शांति और सेवा का आधार है। ऐसे आयोजन समाज की सांस्कृतिक पहचान को सशक्त करते हैं।”
उन्होंने समिति को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं और 25 नवंबर को बालोतरा में होने वाले कार्यक्रम में शामिल होने का प्रयास करने की बात कही।
मंदिर निर्माण कार्य पर भी हुई विस्तृत चर्चा 20 हजार स्क्वायर फीट में बन रहा भव्य धाम
जयपुर में पोस्टर विमोचन के बाद राज्यपाल बागड़े को बालोतरा में निर्माणाधीन बाबा खाटूश्यामजी, सालासर बालाजी और रामलला के भव्य मंदिर परिसर की प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गई।
समिति अध्यक्ष सुमित संचेती ने राज्यपाल को मंदिर की स्थापत्य योजना, निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति, धार्मिक दृष्टिकोण से इसकी महत्ता और भविष्य में विकसित होने वाले सांस्कृतिक केंद्र के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
राज्यपाल ने कहा कि ऐसे धार्मिक स्थल केवल पूजा का स्थान नहीं होते, बल्कि समाज की संस्कृति, लोक परंपरा और आस्था के केंद्र बनते हैं। उन्होंने मंदिर निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन भी दिया और इसके शीघ्र पूर्ण होने की शुभकामना व्यक्त की।
जोधपुर में राज्य मंत्री और विधायक ने भी किया महोत्सव पोस्टर का विमोचन
महोत्सव की तैयारियों को गति देने के लिए जोधपुर में भी एक पोस्टर विमोचन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां राज्य मंत्री के.के. कर विश्नोई और शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने पोस्टर जारी किया।
दोनों नेताओं ने आयोजन समिति को सफल कार्यक्रम के लिए शुभकामनाएं देते हुए इसे बालोतरा के लिए महत्वपूर्ण बताया।
समिति अध्यक्ष सुमित संचेती ने दोनों अतिथियों को दुपट्टा पहनाकर और मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया।

25 नवंबर को होगा भव्य संकीर्तन, कई प्रसिद्ध भजन गायक देंगे प्रस्तुति
समिति मीडिया प्रभारी योगेश सोनी ने बताया कि महोत्सव 25 नवंबर को बालोतरा के वंदे भारत पार्क स्थित मंदिर प्रांगण में आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में देशभर के प्रसिद्ध भजन गायकों की मनमोहक प्रस्तुतियां होंगी जिसमें छोटू सिंह रावणा, राघव दाधीच (भीलवाड़ा), अशोक प्रजापत बालोतरा
संध्या को विशेष बनाने के लिए भजनों की ऐसी श्रृंखला तैयार की गई है, जिससे भक्तिमय वातावरण पूरे शहर में गूंज उठेगा।
पोस्टर विमोचन में ये रहे उपस्थित
जोधपुर व जयपुर में हुए कार्यक्रमों में समिति के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे, जिनमें
मयंक अवस्थी (मीडिया प्रभारी), जगदीश हुड्डा, भूपेन्द्र प्रजापत, दीपेश सुखनानी, दुर्ग सिंह राजपुरोहित तथा अन्य सदस्य शामिल थे।

