विद्यार्थियों की सालभर की उपलब्धियों को संजोएगा रंगीन नववर्ष कैलेंडर
बालोतरा। रेनबो ई–स्मार्ट इंग्लिश मीडियम स्कूल बालोतरा में मंगलवार को नववर्ष के स्वागत में रंग-बिरंगे एवं आकर्षक नववर्ष कैलेंडर 2026 का भव्य विमोचन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर उत्साह, उमंग और बच्चों की मुस्कान से सराबोर नजर आया। विद्यालय प्रबंधन द्वारा यह कैलेंडर नववर्ष की शुभकामनाओं के साथ सभी अभिभावकों को उपहार स्वरूप भेंट किया जाएगा, ताकि बच्चों की सालभर की उपलब्धियों की यादें हर घर तक पहुंच सकें।
विद्यालय डायरेक्टर चंद्रप्रकाश आसुदानी ने बताया कि यह कैलेंडर केवल तिथियों का संकलन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की प्रतिभा, मेहनत और सफलता की प्रेरक झलक है। इसमें गत वर्ष भर के दौरान आयोजित शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियों के रंगीन फोटो शामिल किए गए हैं, जो विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ उन्हें आगे और बेहतर करने के लिए प्रेरित करेंगे। नववर्ष कैलेंडर को बालोतरा के विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी कार्यालयों में भी भिजवाया जाएगा, जिससे विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, नवाचारपूर्ण शिक्षण पद्धति और विद्यार्थियों की बहुआयामी प्रतिभा को व्यापक पहचान मिल सके।
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या इंदु आसुदानी ने बताया कि इस कैलेंडर का मुख्य उद्देश्य बच्चों को यह एहसास दिलाना है कि उनकी हर छोटी-बड़ी उपलब्धि महत्वपूर्ण है। जब विद्यार्थी अपने फोटो और गतिविधियों को कैलेंडर में देखेंगे तो उनके भीतर नई ऊर्जा, आत्मगौरव और आगे बढ़ने का जज्बा और मजबूत होगा। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने विद्यार्थियों को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नया साल नई उम्मीदों, नए सपनों और नई सफलताओं का संदेश लेकर आया है। रेनबो ई–स्मार्ट इंग्लिश मीडियम स्कूल निरंतर बच्चों के समग्र विकास के लिए ऐसे नवाचार करता रहेगा, ताकि विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, अनुशासन और आत्मविश्वास से भी समृद्ध बन सकें।
इस दौरान पवनी चौधरी, सुमन कमरा, आरती जैन, सुमित्रा चौधरी, मीनाक्षी सोनी, रेखा सोनी, नेहा बेलानी, भूमिका सोनी, भूमि आहूजा, प्रेरणा घांची, पूजा नाथावत, कृष्णा माहेश्वरी, उर्मिला माहेश्वरी, रवीना गोस्वामी, वर्षा पांडे, दीप्ति पांडे, भानु शर्मा, रिंकू राठौड़, अरुणा राठौड़, प्रिया सोनी, दामिनी मेवाड़ा, तृप्ति, पूजा बारूपाल, अमानत पंजाबी आदि मौजूद रहे।

