राजस्थान के जोधपुर जिले में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों से भरी यात्रा को मातम में बदल दिया। जोधपुर-जैसलमेर नेशनल हाईवे-125 पर केरु गांव के पास मुलानाडा रॉयल्टी नाके के नजदीक एक यात्री बस और भारी ट्रेलर की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 21 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे बस तेज रफ्तार में जोधपुर की ओर से आ रही थी, जबकि सामने से आ रहा ट्रेलर भी तेज गति में था। केरु गांव के पास अचानक दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के गांवों में लोग सहम गए और तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
हादसे की सूचना मिलते ही शास्त्री नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बस के अंदर कई यात्री फंसे हुए थे, जिन्हें बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। क्षतिग्रस्त बस के दरवाजे और खिड़कियां तोड़कर घायलों को बाहर निकाला गया। इसके बाद एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को जोधपुर के मथुरादास माथुर (एमडीएम) अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, बस में कुल 47 यात्री सवार थे। सभी यात्री गुजरात के अरवल्ली जिले के रमाना रूपण गांव के निवासी बताए गए हैं। ये सभी श्रद्धालु जैसलमेर जिले के प्रसिद्ध तीर्थस्थल रामदेवरा में बाबा रामदेव के दर्शन कर वापस गुजरात लौट रहे थे। यात्रा के दौरान किसी को भी अंदेशा नहीं था कि यह धार्मिक यात्रा इस तरह के दर्दनाक हादसे में बदल जाएगी।
हादसे के दौरान एक बाइक सवार भी बस और ट्रेलर की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार के पैर का पंजा कटकर अलग हो गया। उसे भी गंभीर हालत में एमडीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है।
शास्त्री नगर थानाधिकारी जुल्फिकार ने बताया कि हादसे में बस में सवार चार यात्रियों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान रावल वीनू भाई (50) पुत्र चिमन भाई निवासी इंद्रा नगर, वसानीरेल, साबरकांठा (गुजरात), सुरेश (36) पुत्र लाला भाई निवासी तालुकाडा, जिला अरवल्ली, वीनू भाई पुत्र मारोसा और जयेश पुत्र मारोसा के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है।
मथुरादास माथुर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. विकास राजपुरोहित ने बताया कि हादसे के बाद अस्पताल में कुल 25 घायलों को लाया गया था। इनमें से चार की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि 21 घायलों का उपचार विभिन्न वार्डों में चल रहा है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन पर विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी रखे हुए है।
हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है
पुलिस व प्रशासन मौके पर, रेस्क्यू जारी
सूचना मिलते ही राजीव गांधी नगर थानाधिकारी रवींद्र सिंह राजपुरोहित पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर घायलों को बस से बाहर निकाला। जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट के एडीसीपी रोशन मीणा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
हादसे में शामिल बस 52 सीटर थी। बस में सवार सभी यात्री गुजरात के अरवल्ली जिले के रमाना रूपण गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। सभी यात्री ठाकोर समाज से संबंधित हैं और रामदेवरा दर्शन कर लौट रहे थे।

