बालोतरा।
माली सैनी अधिकारी–कर्मचारी संघ, बालोतरा द्वारा अमेरिका से कमर्शियल पायलट प्रशिक्षण पूर्ण कर प्रथम बार बालोतरा पहुंची समाज की प्रतिभाशाली बेटी आयशा पंवार का उनके निवास स्थान पर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस गौरवपूर्ण अवसर पर संघ के पदाधिकारियों एवं समाज बंधुओं ने साफा, माला, शॉल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न के रूप में महात्मा ज्योतिबा फुले तथा सावित्रीबाई फुले की तस्वीर भेंट कर सम्मान व्यक्त किया।
संघ के अध्यक्ष एवं अधीक्षण अभियंता छत्राराम पंवार ने अपने संबोधन में कहा कि आयशा की यह उपलब्धि बालोतरा माली समाज के लिए मील का पत्थर सिद्ध होगी। इसे केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक उपलब्धि बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे समाज की बेटियां ही नहीं, बल्कि बेटे भी प्रेरित होकर उच्च लक्ष्य निर्धारित करेंगे। उन्होंने आयशा को समाज का रोल मॉडल बताया।
संघ के संरक्षक केसाराम गहलोत ने अपने उद्बोधन में समाज में शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज में शिक्षा का स्तर अपेक्षाकृत कम है तथा सरकारी एवं उच्च पदों पर समाज की भागीदारी भी नगण्य है। ऐसे में आवश्यक है कि अभिभावक अपने बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने हेतु प्रेरित करें ताकि भविष्य में समाज की सहभागिता महत्वपूर्ण पदों पर सुदृढ़ हो सके।
आयशा पंवार ने भी अमेरिका में अपने प्रशिक्षण काल के अनुभव एवं संस्मरण साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सदस्यों ने इस उपलब्धि को समाज के लिए प्रेरणादायी क्षण बताया। सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजित इस अभिनंदन समारोह में संघ के सचिव पंकज परिहार, कोषाध्यक्ष राधेश्याम परिहार, डॉ. गणपतलाल कच्छवाहा, जितेन्द्र गहलोत, लक्ष्मण पंवार, गणपतलाल पंवार, पवन परिहार, महेंद्र सुदेशा, नारायण गहलोत, हस्तीमल पंवार, हीरालाल पंवार, मुकेश पंवार सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
अंत में संघ ने कामना की कि आयशा की यह सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होगी और समाज शिक्षा व प्रगति के मार्ग पर निरंतर अग्रसर रहेगा।

