बालोतरा। नागाणा कल्याणपुर चैत्र नवरात्रा के पावन पर्व के पंचम दिवस के अवसर पर मारवाड़ की आस्था के प्रमुख केंद्र श्री नागणेच्या माता मंदिर (नागाणा) में भक्ति, श्रद्धा एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत वातावरण के मध्य विविध धार्मिक कार्यक्रमों का भव्य एवं गरिमामय आयोजन सम्पन्न हुआ। मंदिर परिसर में प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं का आवागमन प्रारम्भ हो गया था, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय रंग में रंग गया।

इस पावन अवसर पर जूना अखाड़ा के अंतर्राष्ट्रीय प्रवक्ता, दिल्ली एनसीआर संत महामंडल के अध्यक्ष एवं श्री दूधेश्वर महादेव मंदिर, गाजियाबाद के महंत पूज्य नारायणगिरी महाराज, पूज्य श्री सैनाचार्य जी महाराज (जोधपुर), पूज्य गुरु महाराज श्री नृत्य गोपालराम जी महाराज तथा पूज्य महंत श्री गणेशपुरी जी महाराज (श्री नर्बदेश्वर महादेव मंदिर, जसोल) के पावन सानिध्य में आयोजित कार्यक्रमों ने विशेष आध्यात्मिक गरिमा प्रदान की।

महाराजाधिराज जोधपुर गजसिंह द्वितीय, महाराणीसा जोधपुर एवं जसोल रावल साहब किशन सिंह के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुए इन धार्मिक अनुष्ठानों में श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव के साथ सहभागिता करते हुए श्री नागणेच्या माता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा प्रदेश एवं राष्ट्र की सुख-शांति, समृद्धि एवं निरंतर प्रगति की मंगलकामना की।
कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष हवन पूजन का आयोजन भी अत्यंत विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सम्पन्न किया गया। इस यज्ञ में आचार्य अभिषेक जोशी (जोधपुर) एवं अन्य विद्वान आचार्यों ने वैदिक परंपरा के अनुरूप अनुष्ठान सम्पन्न करवाते हुए वातावरण को पूर्णतः आध्यात्मिक बना दिया। हवन यज्ञ के माध्यम से लोककल्याण, पर्यावरण शुद्धि एवं जनमानस के मंगल की प्रार्थना की गई।

इस गरिमामय अवसर पर बाड़मेर रावत त्रिभुवन सिंह, कर्नल शंभू सिंह देवड़ा (कालंद्री), कुंवर हरिशचंद्र सिंह जसोल, सिवाना विधायक हमीर सिंह भायल सहित विभिन्न क्षेत्रों से पधारे अनेक गणमान्य नागरिक, प्रबुद्धजन एवं हजारों की संख्या में श्रद्धालु भक्तगण की भव्य उपस्थिति रही, जिससे आयोजन की गरिमा और अधिक बढ़ गई।
पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन, सेवा एवं समर्पण की भावना स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई। श्रद्धालुओं ने अत्यंत श्रद्धा एवं आस्था के साथ पूजा-अर्चना कर धर्मलाभ अर्जित किया।
