बालोतरा। शहर के सिन्धु पैलेस भवन में शुक्रवार शाम सिन्धी भाषा दिवस के अवसर पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान सिन्धी भाषा डिप्लोमा कोर्स के विद्यार्थियों को सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारतीय सिन्धु सभा बालोतरा इकाई के अध्यक्ष अजय कुमार चंदानी ने कहा कि सिंधी भाषा केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध संस्कृति, परंपरा और इतिहास की पहचान है। उन्होंने कहा कि सिन्धी भाषा दिवस हमें अपनी मातृभाषा के महत्व को समझने और उसे नई पीढ़ी तक पहुंचाने का अवसर देता है।
समाज अध्यक्ष टीकमदास खियानी ने अपने संबोधन में कहा कि सिंधी भाषा हमारी पहचान और संस्कृति की धरोहर है। इसे सहेजकर रखना हम सभी का दायित्व है।
भारतीय सिन्धु सभा प्रदेश कार्यकारणी सदस्य प्रतापमल लालवाणी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सिंधी भाषा को बचाए रखने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग को इस दिशा में आगे आकर योगदान देना चाहिए, तभी भाषा का संरक्षण संभव हो सकेगा।
संरक्षक गुलाबराय चंदानी ने कहा कि सिंधी भाषा हमारी पहचान की जड़ है और इसे संजोकर रखना हमारा कर्तव्य है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी मातृभाषा को अपनाएं और दैनिक जीवन में इसका प्रयोग बढ़ाएं।
पंडित वासुदेव शर्मा ने सिन्धी भाषा पर जोर देते हुए कहा कि भाषा केवल बोलचाल का माध्यम नहीं, बल्कि यह हमारी संस्कृति और संस्कारों की वाहक है। उन्होंने कहा कि भाषा के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास आवश्यक हैं।

महिला मंडल उपाध्यक्ष राखी सुखनानी ने कहा कि भाषा ही हमारी असली पहचान है, लेकिन आज के समय में हम अपनी ही भाषा को धीरे-धीरे भूलते जा रहे हैं। यह केवल शब्दों का खोना नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और जड़ों से दूर होना है। उन्होंने कहा कि यदि हम अभी नहीं जागे, तो आने वाली पीढ़ियां अपनी मातृभाषा से पूरी तरह अनजान हो जाएंगी।
मीडिया प्रभारी योगेश सोनी ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत मंचासीन अतिथियों द्वारा सिन्धी भाषा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए की गई। उन्होंने समाज के लोगों से अपील की कि वे घर-परिवार और आपसी संवाद में सिन्धी भाषा का अधिक से अधिक उपयोग करें। इसके साथ ही सिन्धी भाषा कोर्स के विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अंत में समाज अध्यक्ष टीकमदास खियानी ने सिन्धी भाषा दिवस की शुभकामनाएं देते हुए समाज बंधुओं का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन सुनील लालवानी ने किया।

इस अवसर पर बाबा साहब गोविंदराम आहूजा, भारतीय सिन्धु सभा संभाग प्रभारी वासुदेव बसरानी, संरक्षक हरिकिशन सोनी, सचिव सुनील रामनानी, सह सचिव ओमप्रकाश आसुदानी, ऑडिटर महेश लालवानी, ऑडिटर पंकज सुखनानी, सलाहकार हरीश कुमार आहूजा, सलाहकार गोविंद कुमार सुखनानी, झूलेलाल नवयुवक मंडल अध्यक्ष जयप्रकाश आहूजा, महेश सुखनानी, हरीश आहूजा, लालचंद सोनी, लक्ष्मण नैनवानी, महेश छबलानी, राजा संगतानी, योगेश कुमार सुखनानी, रवि सुखनानी, मनोज मोटवानी, भारतीय सिन्धु सभा महिला इकाई संरक्षक मुख्यानी कौशल्या खियानी, उपाध्यक्ष राखी सुखनानी, सचिव पिंकी सेवकानी, सलाहकार कविता लालवानी, रेणु शर्मा, पूनम शर्मा सहित महिला इकाई और समाज सदस्य मौजूद रहे।
