बाड़मेर में चोरों के हौसले बुलंद, माजीसा धाम मंदिर में नकाबपोश बदमाशों ने की लाखों की चोरी, CCTV में कैद वारदात

BHAWANI SINGH
5 Min Read
नकाबपोश बदमाशों ने की लाखों की चोरी, CCTV में कैद वारदात

बाड़मेर जिले में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं और अब चोरों ने आस्था के केंद्रों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। ताजा मामला शहर के जूना केराडु मार्ग पर स्थित नवनिर्मित माजीसा धाम मंदिर से सामने आया है, जहां रविवार देर रात नकाबपोश चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देकर इलाके में सनसनी फैला दी।

जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब दो से चार बजे के बीच तीन अज्ञात नकाबपोश चोर मंदिर परिसर में घुसे। चोरों ने पहले मंदिर के मुख्य गेट और ताले को लोहे की रॉड से तोड़ा और इसके बाद मंदिर के भीतर प्रवेश किया। यह पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें एक के बाद एक तीन नकाबपोश युवक मंदिर परिसर में घूमते और ताले तोड़ते हुए साफ नजर आ रहे हैं।

सुबह खुला चोरी का राज, श्रद्धालुओं में आक्रोश

सोमवार सुबह जब मंदिर के पुजारी और श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो मंदिर के ताले टूटे हुए मिले। मंदिर के अंदर का सामान बिखरा हुआ था और दानपात्र खाली मिले। इसके बाद तत्काल मंदिर ट्रस्ट कमेटी को सूचना दी गई, जिन्होंने कोतवाली थाना पुलिस को घटना से अवगत कराया।

चोरी की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की भी जांच शुरू कर दी है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके।

नकाबपोश चोर ले उड़े सोने-चांदी के आभूषण

कोतवाली थाने के एसआई गोविंदराम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोर मंदिर में रखे नकद रुपए और कीमती सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए। चोरी गए सामान की सही जानकारी मंदिर ट्रस्ट कमेटी की रिपोर्ट के बाद ही सामने आ सकेगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और जल्द ही चोरों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।

CCTV फुटेज के आधार पर जांच तेज

एसआई गोविंदराम ने बताया कि मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज में तीन नकाबपोश युवक दिखाई दे रहे हैं, जो पूरी तैयारी के साथ वारदात को अंजाम देते नजर आ रहे हैं। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

मंदिर ट्रस्ट और श्रद्धालुओं में भारी रोष

मंदिर ट्रस्ट के सदस्य दिनेश सिंघवी ने बताया कि माजीसा धाम मंदिर में हुई यह चोरी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। चोरों ने आस्था के इस पवित्र स्थल को नुकसान पहुंचाया है और लाखों रुपए के सोने के आभूषण चोरी कर लिए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही चोरी का खुलासा नहीं हुआ तो मंदिर ट्रस्ट और श्रद्धालु धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

बढ़ती चोरी की घटनाओं से शहर में दहशत

स्थानीय कवि एवं सामाजिक कार्यकर्ता मुकेश अमन ने बताया कि शहर में आए दिन चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन अब मंदिर जैसी जगह को निशाना बनाना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि इस घटना से श्रद्धालुओं में भारी रोष है और यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो रैली निकालकर जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

पुलिस पर टिकी निगाहें

माजीसा धाम मंदिर में हुई इस बड़ी चोरी के बाद अब पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की मांग है कि जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास जारी है।

Share This Article