सिणधरी–बाड़मेर सड़क पर ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत, दो घायल, एक की हालत गंभीर

BHAWANI SINGH
2 Min Read

सिणधरी उपखंड मुख्यालय से करीब एक किलोमीटर दूर सिणधरी–बाड़मेर मुख्य सड़क पर मंगलवार  को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार में ओवरटेक करने के दौरान दो ट्रक आपस में टकरा गए, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दोनों ट्रकों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों ट्रक सिणधरी की ओर से बाड़मेर की दिशा में जा रहे थे। इसी दौरान आगे निकलने की कोशिश में एक ट्रक अचानक दूसरे ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और सड़क पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया।

सूचना मिलते ही सिणधरी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को ट्रकों से बाहर निकाला और एंबुलेंस के जरिए सिणधरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। घायलों की पहचान नेमाराम और गोपाल सिंह के रूप में हुई है।

चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद नेमाराम की हालत गंभीर देखते हुए उसे जोधपुर के लिए रेफर कर दिया, जबकि दूसरे घायल गोपाल सिंह का इलाज सिणधरी अस्पताल में जारी है।

 डॉक्टरों के अनुसार, नेमाराम को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।

बताया जा रहा है कि हादसे में शामिल एक ट्रक में मूंगिया भरी हुई थी, जबकि दूसरे ट्रक में बजरी लदी हुई थी। टक्कर के बाद दोनों ट्रकों का सामान सड़क पर बिखर गया, जिसे बाद में पुलिस की निगरानी में हटवाया गया ताकि यातायात सामान्य किया जा सके।

Share This Article