Skip to content

रैनबो स्मार्ट स्कूल में शिक्षा के साथ संस्कार, बच्चों में सेवा और संस्कृति के प्रति जागरूकता का संकल्प

Narpat Mali
2 Min Read

विद्यार्थी ने जन्मदिन पर दिया अंश दान

बालोतरा। रैनबो स्मार्ट स्कूल की संस्था प्रधान इन्दू आसूदानी ने बताया कि विद्यालय प्रबंधन केवल शिक्षा तक सीमित न रहकर बच्चों में सभ्यता, संस्कार और भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता विकसित करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। इसी उद्देश्य के तहत विद्यालय में समय-समय पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, शैक्षणिक भ्रमण और अन्य गतिविधियां आयोजित की जाती हैं, ताकि विद्यार्थी न केवल बेहतर छात्र बल्कि भविष्य में एक जागरूक और संस्कारी नागरिक बनें और अपनी संस्कृति के संरक्षण व प्रचार-प्रसार में योगदान दे सकें।

इसी क्रम में विद्यालय में गौ सेवा एवं आपदा राहत कोष की स्थापना की गई है। इसके माध्यम से बच्चों को यह सीख दी जा रही है कि हमारे पर्यावरण में रहने वाले पशु और जीव-जंतु हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं और उनकी सेवा व सुरक्षा करना हमारा नैतिक दायित्व है।

गत वर्ष विद्यालय के समस्त विद्यार्थियों को स्थानीय गौशालाओं का भ्रमण कराया गया था। इस दौरान बच्चों ने सेवा भावना से प्रेरित होकर गौ सेवा हेतु 51 हजार की राशि एकत्रित की, जिसे बालोतरा क्षेत्र की विभिन्न गौशालाओं को भेंट किया गया। इस सेवा कार्य की छात्रों, अभिभावकों और समाज में व्यापक सराहना हुई।

संस्था प्रधान इन्दू आसूदानी ने बताया कि विद्यालय बच्चों को सेवा और दान की भावना से जोड़ने के लिए लगातार प्रेरित करता है। इसी कड़ी में विद्यालय के विद्यार्थी ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर अपनी पॉकेट मनी से 5100 रूपये हरिओम गौशाला पाटोदी को व्यक्तिगत रूप से दान स्वरूप भिजवाए। विद्यालय में यह परंपरा बनाई गई है कि बच्चे अपने जन्मदिवस पर अपनी इच्छा से अपनी पॉकेट मनी का कुछ अंश दान में दें, ताकि उनमें बाल्यावस्था से ही सेवा और दान के संस्कार मजबूत हो सकें।

संस्था प्रधान ने यह भी बताया कि भविष्य में विद्यालय द्वारा भारतीय संस्कृति के अनुरूप पेड़-पौधों की रक्षा, गौ सेवा और अन्य जनकल्याणकारी गतिविधियां निरंतर जारी रहेंगी।

Share This Article